Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स कॉलोनी में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने एक बंद क्वार्टर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
गौरतलब है कि टाटा मोटर्स कर्मी संतोष कुमार सिंह क्रॉस रोड नंबर-25 स्थित क्वार्टर संख्या के-2/13 में रहते हैं। रविवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने पिता से मिलने लक्ष्मीनगर गए थे। शाम को जब वह वापस अपने आवास लौटे तो देखा कि घर का पिछला दरवाजा टूटा हुआ है।
घर के अंदर प्रवेश करने पर उन्हें चोरी की घटना की जानकारी मिली। संतोष कुमार सिंह के अनुसार, चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने तथा 25 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। इसके बाद मामले की जानकारी टेल्को थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान की जा सके। पीड़ित संतोष कुमार सिंह ने बताया कि वह कुछ घंटों के लिए घर से बाहर गए थे और लौटने पर चोरी की घटना का पता चला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई करने का दावा कर रही है।

