
रांची : रांची में 135वां डुरंड कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज 26 जुलाई 2026 से होने जा रहा है। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह और पहले मैच में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में खेल विभाग एवं सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से औपचारिक मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को डूरंड कप 2026 के उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने का आधिकारिक निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे शिष्टमंडल में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार और खेल निदेशक छवि रंजन शामिल थे। भारतीय सेना की ओर से 23 आईबीजी के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा और सहायक नोडल अधिकारी मेजर आनंद प्रकाश मौजूद थे।
मैच को ले फुटबॉल प्रेमियों का उत्साह काफी बढ़ा हुआ है। एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंटों में शुमार डूरंड कप का रांची में आयोजन होना राज्य के खेल जगत के लिए एक बेहद गर्व की बात है। राज्य सरकार और सैन्य अधिकारी प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगातार जुटे हैं।
Read Also: Durand Cup Ranchi : डूरंड कप का काउंटडाउन शुरू, रांची में ट्रॉफी शोकेस से बढ़ा फुटबॉल का रोमांच

