Home » Chaibasa News : नीट पेपर लीक व लाठीचार्ज के विरोध में उतरी कांग्रेस, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

Chaibasa News : नीट पेपर लीक व लाठीचार्ज के विरोध में उतरी कांग्रेस, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त कथित धांधली और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त मनीष कुमार को सौंपा। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मौके पर दंडाधिकारी उपेंद्र कुमार और मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार मुस्तैद रहे।

 संवाद की जगह दमनकारी नीति अपना रही सरकार

जंतर-मंतर पर अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग और बर्बरता की कड़े शब्दों में निंदा की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में छात्रों को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जताने का संवैधानिक अधिकार है। सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान बातचीत से करना चाहिए था, न कि लाठी के दम पर।

मुख्य बिंदु एवं प्रमुख मांगें

FIR वापसी : दिल्ली सहित देशभर में निर्दोष अभ्यर्थियों और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी पुलिस मुकदमों (FIR) को तुरंत रद्द करने की मांग की गई।

कठोर कार्रवाई व पारदर्शिता : नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष, समयबद्ध जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।

उच्चस्तरीय जांच: छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले दोषी पुलिस अधिकारियों पर विभागीय कार्रवाई करने की मांग रखी गई।

युवाओं का भविष्य और मनोबल टूटा, मानसिक तनाव से जूझ रहे अभ्यर्थी : धर्मेंद्र

जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर ने चिंता जताते हुए कहा कि बार-बार होते पेपर लीक ने देश के लाखों होनहार युवाओं के भविष्य पर पानी फेर दिया है। वर्षों की कड़ी मेहनत बेकार होने से छात्र मानसिक तनाव झेल रहे हैं और कई युवाओं को आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा है।

प्रशासनिक नाकामी और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली : रंजन

जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि प्रशासनिक नाकामी और प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली से युवाओं का देश की परीक्षा प्रणाली से भरोसा पूरी तरह उठ चुका है। इस लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल पद से इस्तीफे की मांग की है। इस दौरान जिला प्रभारी धर्मेंद्र सोनकर, जिलाध्यक्ष रंजन बोयपाई और जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Read Also West singhbhum News : नीति आयोग की डेल्टा रैंकिंग: पूर्वी भारत में पश्चिमी सिंहभूम का गुदड़ी प्रखंड अव्वल

Related Articles