
Patamda : जमशेदपुर के पटमदा क्षेत्र में टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसा बोड़ाम थाना क्षेत्र के पगदा गांव के पास शाम करीब पौने छह बजे हुआ। मृतक की पहचान पटमदा थाना क्षेत्र के चुड़दा गांव निवासी गणेश कर्मकार (24) के रूप में हुई है।
घायलों में गणेश की पत्नी रानी कर्मकार (20), दूसरी बाइक पर सवार ओडिशा निवासी जीत बिंदानी (16) और जमशेदपुर निवासी राहुल सिंह (18) शामिल हैं। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गणेश कर्मकार को मृत घोषित कर दिया। गणेश की छोटी बेटी भी बाइक पर सवार थी, लेकिन वह सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई।
गौरतलब है कि गणेश अपनी पत्नी और छोटी बेटी के साथ जमशेदपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पगदा गांव के पास आगे चल रही पिकअप वैन को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गणेश के सिर में गंभीर चोट लगी।
बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि दुर्घटना में गणेश के सिर पर गंभीर चोट आई थी। हादसे में घायल अन्य लोगों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। गणेश की बेटी को कोई चोट नहीं आई है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

