Home » Jamshedpur News: बागबेड़ा सड़क हादसे के बाद इलाज को लेकर हंगामा, डीएसपी पर थप्पड़ मारने का आरोप, दो घंटे जाम रही डीबी रोड

Jamshedpur News: बागबेड़ा सड़क हादसे के बाद इलाज को लेकर हंगामा, डीएसपी पर थप्पड़ मारने का आरोप, दो घंटे जाम रही डीबी रोड

प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया, जब मौके पर पहुंचे डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार को सड़क हादसे के बाद शाम को इलाज और मुआवजे की मांग को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गंभीर रूप से घायल शिक्षक प्रेम महतो के बेहतर इलाज की व्यवस्था और हादसे के जिम्मेदार वाहन मालिक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने बागबेड़ा की डीबी रोड पर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय और तनावपूर्ण हो गया, जब मौके पर पहुंचे डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार पर एक युवक को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल के इलाज में मदद की गुहार लगाने के लिए एक युवक डीएसपी के सामने पहुंचा और उनके पैर पकड़ने लगा। आरोप है कि इसी दौरान डीएसपी ने युवक को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और पुलिस के खिलाफ विरोध तेज हो गया।

घायल शिक्षक प्रेम महतो के परिजनों का कहना है कि उनका इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है। परिजनों का आरोप है कि इलाज के लिए बड़ी राशि की व्यवस्था करने को कहा गया है, जिसे जुटाना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने पुलिस से दुर्घटना करने वाली कार के मालिक की पहचान कर कार्रवाई करने और इलाज में मदद दिलाने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार सुबह बागबेड़ा के डीबी रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में शिक्षक प्रेम महतो गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य लोग भी घायल हुए थे।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। करीब दो घंटे बाद सड़क से जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Read also – Jamshedpur News: सीतारामडेरा में एल्यूमिनियम शीट से लदा ट्रक पलटा, सड़क पर बिखरा सामान, बड़ा हादसा टला

Related Articles

Leave a Comment