Home » Chaibasa News : भारी बारिश से डाऊ-सकोड़ा मार्ग पर बड़ा लैंडस्लाइड, आवागमन ठप, ग्रामीणों व स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

Chaibasa News : भारी बारिश से डाऊ-सकोड़ा मार्ग पर बड़ा लैंडस्लाइड, आवागमन ठप, ग्रामीणों व स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पिछले दो-तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण सोनुवा प्रखंड के डाऊ-सकोड़ा मार्ग पर बड़ा लैंडस्लाइड हो गया है। पहाड़ की मिट्टी सड़क पर आ गिरने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।

निर्माणाधीन सड़क पर दोनों तरफ से धंसी मिट्टी

डाऊ-सकोड़ा मार्ग अभी निर्माणाधीन है। सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों तरफ की पहाड़ी को मशीनों से काटा गया था। बारिश का पानी जमा होने और मिट्टी के ढीले होने से पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा खिसककर सड़क पर आ गया। नतीजतन पिछले दो दिनों से यह रास्ता पूरी तरह बंद पड़ा है। सड़क के दोनों ओर मलबा जमा हो जाने से वाहन तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों और छात्रों को हो रही दिक्कत

सड़क बंद होने से डाऊ, सकोड़ा और आसपास के गांवों के लोगों को लोढ़ाई और सोनुवा बाजार आने-जाने में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। रोजमर्रा की जरूरत का सामान लाना और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौती बन गया है।सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ा है। लोढ़ाई स्कूल जाने वाले इस क्षेत्र के अधिकांश छात्र पिछले दो दिनों से स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। अभिभावक भी बच्चों को खतरे के कारण घर से बाहर नहीं भेज पा रहे।

बारिश के कारण सफाई कार्य रुका

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मलबा हटवाकर वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की मांग की है। लेकिन क्षेत्र में अभी भी बारिश जारी रहने के कारण जेसीबी और अन्य मशीनों से मिट्टी हटाने का काम शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सड़क नहीं खुलती, बच्चों की पढ़ाई और गांव की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती रहेगी। प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

Read Also West singhbhum News : कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न होगा महादेवशाल का श्रावणी मेला, प्रशासन ने कसी कमर

Related Articles

Leave a Comment