
रांची : झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुआ विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। अपने पार्टी दफ्तर पर हुए हमले और पथराव से नाराज बीजेपी नेताओं ने अरगोड़ा थाने पहुंचकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पुलिस से शिकायत
थाना पहुंचने वाले बीजेपी प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व मेयर रोशनी खालखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार समेत कई बड़े चेहरे शामिल थे। बीजेपी नेताओं ने पुलिस को लिखित शिकायत के साथ-साथ घटना के कुछ वीडियो सबूत (पेन ड्राइव) और घायलों की मेडिकल रिपोर्ट भी सौंपी है।
हमला पूरी तरह से सुनियोजित था –बाबूलाल मरांडी
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह हमला कोई अचानक हुई घटना नहीं थी। कांग्रेस कार्यकर्ता पहले से ही पत्थर, अंडे और टमाटर लेकर आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी दफ्तर का घेराव करने के दौरान सोची-समझी साजिश के तहत पथराव किया गया, जिसमें बीजेपी के कई कार्यकर्ता बुरी तरह चोटिल हुए हैं।
मरांडी ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शुरुआती जानकारी से लगता है कि मौके पर बैरिकेडिंग हटाने में पुलिस की ढिलाई रही, जिससे स्थिति बिगड़ी। उन्होंने मांग की कि मामले की बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
Read Also: Jamshedpur News: बागबेड़ा सड़क हादसे के बाद इलाज को लेकर हंगामा, डीएसपी पर थप्पड़ मारने का आरोप, दो घंटे जाम रही डीबी रोड

