
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना गोईलकेरा स्थित सरना नाला पुलिया में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। सड़क निर्माण के लिए डामर कंक्रीट लेकर जा रहा हाईवा वाहन पुलिया से नीचे गिरकर पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार टोडांगसाई फोरेस्ट चेक पोस्ट से बड़ैला मेन रोड तक साढ़े तीन किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। इस कार्य के लिए बेड़ाहुंडरू स्थित हॉट मिक्सिंग प्लांट से हाईवा वाहन डामर कंक्रीट ला रहा था। इसी दौरान पुराना गोईलकेरा और बड़ैला गांव के बीच स्थित सरना नाला पुलिया पर वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया और नाले में पलट गया। वाहन पर लदा डामर कंक्रीट पूरे नाले में बिखर गया।
हादसे की सूचना मिलते ही गोईलकेरा पुलिस मौके पर पहुंची और चालक पंकज साहू और अन्य कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। चालक को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर आसपास के गांवों के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बाद में दो जेसीबी मशीनों की मदद से नाले में गिरे हाईवा वाहन को बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण कार्य गुमला के ठेकेदार आनंद साहू द्वारा कराया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

