रांची : सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने झारखंड समेत सभी राज्यों को सड़क संकेतकों (रोड साइनेज) के रखरखाव और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने राज्य के शहरी विकास विभाग को भेजे पत्र में कहा है कि नगर निकाय यह सुनिश्चित करें कि सड़क संकेतक स्पष्ट रूप से दिखाई दें और उन पर किसी प्रकार के पोस्टर, बैनर या अन्य प्रचार सामग्री न लगाई जाए।
मंत्रालय ने कहा है कि सड़क संकेतक वाहन चालकों और राहगीरों को दिशा, गति सीमा, चेतावनी और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां देते हैं। इनके क्षतिग्रस्त होने या ढंक जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। सड़क सुरक्षा संबंधी उच्चस्तरीय समिति ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्यों को आवश्यक कदम उठाने की सलाह दी है।
पत्र में कहा गया है कि नगर निकाय नियमित रूप से सड़क संकेतकों का निरीक्षण करें और उनकी दृश्यता तथा पठनीयता बनाए रखें। जहां संकेतक खराब या पुराने हो चुके हैं, वहां उन्हें बदला जाए। बदलती यातायात परिस्थितियों के अनुसार नए संकेतक लगाने पर भी जोर दिया गया है।
केंद्र ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़क संकेतकों को पोस्टर, बैनर, विज्ञापन या अन्य माध्यमों से क्षति पहुंचाना अथवा उन्हें ढंकना कानूनन दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
केंद्र के निर्देश के बाद झारखंड के नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों को सड़क संकेतकों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाने होंगे। माना जा रहा है कि राज्य के शहरी क्षेत्रों में सड़क संकेतकों को अतिक्रमण और पोस्टरबाजी से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा सकता है।
Road Safety : अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें सड़क संकेतकों पर पोस्टर-बैनर लगाने वाले, केंद्र सरकार ने झारखंड को दिए निर्देश
11

