
Garhwa : डंडई थाना क्षेत्र के लवाही कला गांव में नेतरहाट थाना पुलिस ने शनिवार को फरार भाकपा माओवादी नक्सली राजू भुइयां के घर न्यायालय से जारी इश्तेहार विधिवत रूप से चिपकाया। यह कार्रवाई नेतरहाट थाना कांड संख्या 12/2024 में न्यायालय के आदेश पर की गई।
पुलिस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी राजन अधिकारी कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राजू भुइयां के खिलाफ 15 सितंबर 2024 को मामला दर्ज किया गया था और वह तब से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने उसके परिजनों को बताया कि यदि राजू भुइयां निर्धारित अवधि के भीतर आत्मसमर्पण नहीं करता है तो उसके विरुद्ध कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी वरीय पुलिस अधिकारियों ने उसके घर पहुंचकर परिजनों को झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति की जानकारी दी थी और उसे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया था।
पुलिस के अनुसार, राजू भुइयां भाकपा माओवादी संगठन का सब-जोनल कमांडर है और उस पर झारखंड सरकार ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।


