Home » Ramgarh Police Encounter : गिद्दी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो घायल; एक फरार

Ramgarh Police Encounter : गिद्दी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो घायल; एक फरार

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिला अंतर्गत गिद्दी थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि उनका एक साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल दोनों आरोपियों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है।

बड़ी वारदात की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

गिद्दी के थाना प्रभारी इकबाल हुसैन के अनुसार, रात करीब 2:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की तरफ से राहुल दुबे के कुछ सहयोगी मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने पहुंच सकते हैं। सूचना मिलने के बाद गिद्दी और उरीमारी पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में निगरानी और वाहन जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने गिद्दी-भुरकुंडा मुख्य मार्ग पर बंद गिद्दी वाशरी के पुराने 40 टन कांटा घर के पास जांच अभियान चलाया। इसी दौरान करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन युवक आते दिखाई दिए।

पुलिस को देखते ही जंगल की ओर भागे

पुलिस ने बाइक सवार युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देखकर उन्होंने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन कुछ दूरी पर बाइक गिर गई। इसके बाद तीनों युवक सड़क किनारे जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचने के बाद अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन ने छह राउंड और उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव ने पांच राउंड फायर किए। इस दौरान दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरा आरोपी भागने में सफल रहा।

दोनों घायल अपराधियों की हुई पहचान

घायल आरोपियों की पहचान बादल कुमार, निवासी हनुमानगढ़ी, पतरातू और मोहित कुमार उर्फ पीटर, निवासी रसदा, बासल थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। बादल के दाहिने पैर और मोहित के बाएं पैर में गोली लगी है।

हथियार और आपत्तिजनक सामान बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोलियां, चार खोखे, दो मोबाइल फोन और राहुल दुबे के नाम से लिखे तीन पर्चे बरामद किए। इसके अलावा बिना नंबर की पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, बादल कुमार के पास से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली, दो खोखे, एक मिसफायर गोली, मोबाइल फोन और तीन पर्चे मिले। वहीं मोहित कुमार उर्फ पीटर के पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो खोखे और मोबाइल फोन बरामद किया गया।

फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बरामद हथियारों, कारतूस, खोखों, पर्चों और मोटरसाइकिल को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। कार्रवाई में गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव, एएसआई सुनील महतो, चंदन उरांव समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Read Also- Jharkhand Weather News : आज कैसा रहेगा झारखंड का मौसम? बादल-वज्रपात के बीच कल 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Related Articles

Leave a Comment