
देवघर : मुजफ्फरपुर जिला में प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर कार्यरत देवघर जिला के प्रोफेसर कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय राकेश कुमार की मौत संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। बताया जाता है कि राकेश कुमार देर शाम अपनी मोटर साइकिल से किसी काम के सिलसिले में निकले थे। बमबम बाबा पथ पर वह सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़े मिले।
आसपास मौजूद लोगों की नजर उन पर पड़ी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के उपरांत चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जहरीला पदार्थ खाने से मौत होने कि आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। मृतक की पत्नी देवघर स्थित आर एल सराफ स्कूल मे प्राचार्य पद पर कार्यरत हैं। सूचना पर परिवार के सदस्य सहित बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंचे।
योगदान के बाद लौटे थे देवघर
दो दिन पूर्व ही उन्होंने मुख्यालय में योगदान दिया था। इसके बाद उन्हें मुजफ्फरपुर जिला में योगदान करने का निर्देश दिया गया था। कल ही उन्होंने मुजफ्फरपुर में योगदान दिया था। इसके बाद वह देवघर लौटे थे। फिलहाल उन्हें प्रखंड का प्रभार नहीं दिया गया था। शुक्रवार को वह फिर मुजफ्फरपुर जाने वाले थे। शाम चार बजे वह किसी काम से निकले थे। रात में घटना की जानकारी पुलिस द्वारा स्वजनों को दी गई। पूर्व में वे बांका जिले के चांदन एवं शम्भूगंज प्रखंड में बीडीओ के पद पर कार्यरत थे। घटना को लेकर पत्नी ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
महिला के साथ अनैतिक संबंध का आरोप
घटना को प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक की पत्नी ने बम बम बाबा पथ निवासी एक महिला पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीडीओ का उस महिला के साथ अनैतिक संबंध था। उसी महिला के द्वारा जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप लगा रही है।

