
Jamshedpur : झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय जमशेदपुर में बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार को रात में तीन युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में तीनों युवक घायल हो गए। आरोप है कि पार्किंग में हुए विवाद के बाद पार्किंग कर्मचारी और एक ऑटो चालक ने युवकों के साथ मारपीट की।
घायलों में कीताडीह निवासी फुरकान अली (18), गोलमुरी निवासी मो. रियान शहजादा (20) और परसुडीह के प्रमथ नगर निवासी हेमंत सिंह (20) हैं। बताया जाता है कि तीनों युवक कोलकाता से ट्रेनिंग पूरी कर लौट रहे थे।
पार्किंग में किसी बात को लेकर युवकों और ऑटो चालक व पार्किंग स्टाफ के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मारपीट हो गई, जिसमें तीनों युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा।
प्राथमिक उपचार के बाद युवकों ने बर्मामाइंस थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान और विवाद के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read also – Special Camp : आज-कल विशेष शिविर, पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जरूर जुड़वाएं


