
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में रविवार, 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली एएनएम एवं जीएनएम प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है। संयुक्त आदेश के तहत जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, लाठी बल और महिला आरक्षियों की तैनाती रहेगी। इसके अलावा परीक्षा के दौरान क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त के लिए भ्रमणशील दंडाधिकारी एवं उड़नदस्ता दल भी सक्रिय रहेंगे। प्रशासन ने किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षित (रिजर्व) दंडाधिकारियों की भी व्यवस्था की है।
अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना और किसी भी प्रकार के कदाचार की संभावना को रोकना है। इन दोनों परीक्षाओं में करीब 2 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल होंगे।
एएनएम परीक्षा के लिए 5 और जीएनएम के लिए 3 केंद्र बनाए गए
एएनएम परीक्षा: इसके लिए शहर में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें कुल 2,464 परीक्षार्थी शामिल होंगे। करीम सिटी कॉलेज (मानगो कैंपस), आदिवासी +2 हाई स्कूल (सीतारामडेरा), पीएम श्री यूपीजी पीपुल्स एकेडमी (न्यू बाराद्वारी), टाटा वर्कर्स यूनियन +2 हाई स्कूल (कदमा) और सीएम एसओई गर्ल्स स्कूल (साकची) को केंद्र बनाया गया है।
जीएनएम परीक्षा : इसके लिए 3 परीक्षा केंद्र (करीम सिटी कॉलेज, आदिवासी +2 हाई स्कूल और टाटा वर्कर्स यूनियन +2 हाई स्कूल) निर्धारित किए गए हैं, जहां कुल 1,261 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।


