रामगढ़ : दामोदर वैली कॉरपोरेशन (डीवीसी) ने मंगलवार को रामगढ़ सब स्टेशन में कंज्यूमर एडवोकेसी एंड लीगल अवेयरनेस कैंप का आयोजन किया। इस क्रम में बिजली उपभोक्ताओं को अधिकार और साइबर फ्रॉड से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। उपभोक्ताओं को यह भी बताया गया कि जब आपकी समस्याएं नहीं सुनी जा रही हो तो आप कहां-कहां शिकायत कर सकते हैं।
कैंप में डीवीसी के डिविजनल इंचार्ज अभिक राज, मैथन से आए सीजीआरएफ की चैयरमेन सह सह मेंबर कल्पना हजारिका, सदस्य योगेंद्र प्रसाद, रामगढ़ जिले के डालसा प्रतिनिधि अधिवक्ता राम सहित डीवीसी के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लिया।
शिविर के दौरान उपभोक्ताओं को बिजली संबंधी विभिन्न अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी गई। इनमें सही मीटर लगाए जाने का अधिकार, समय पर एवं सही बिजली बिल प्राप्त करने का अधिकार, गलत बिल सुधार की प्रक्रिया, अनावश्यक बिजली कटौती से सुरक्षा तथा शिकायतों के त्वरित समाधान अधिकार प्रमुख रूप से शामिल थे।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि यदि किसी उपभोक्ता की समस्यायों को स्थानीय स्तर पर नहीं सुना जाता तो वह कंज्यूमर ग्रीवेंस रिड्रेसल फोरम (सीपीआरएफ) और इलेक्ट्रिसिटी ओंबड्समैन के समक्ष अपनी शिकायत प्रस्तुत कर सकता है।
ऑनलाइन ठगी से बचाव को ले जागरूकता
विशेष रूप से उपभोक्ताओं को साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ओटीपी साझा करने से बचें। केवल आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें।
वक्ताओं ने कहा कि जागरूकता से ही उपभोक्ता सुरक्षित हो सकते हैं। उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। जैसे समय पर बिल भुगतान करना, बिजली चोरी से बचना और शिकायतों को विधिवत दर्ज कराना। शिविर के अंत में उपभोक्ताओं की समस्याओं और प्रश्नों का समाधान भी किया गया। साथ ही पारदर्शी, जवाबदेह और उपभोक्ता हितैषी व्यवस्था विकसित करने के लिए सामूहिक सहयोग का आह्वान किया गया।
Read Also: RANCHI CM NEWS: स्कूली शिक्षा की समीक्षा बैठक में हेमंत सोरेन सख्त, सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की संख्या होगी 5 हजार, क्वालिटी पर फोकस

