
Jamshedpur : टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को चौक के पास सोमवार को ट्रक चालक पर चाकू से हमला कर दिया गया। यह हमला एक बदमाश ने तब किया जब ट्रक ड्राइवर ने लूटपाट का विरोध किया। बदमाश ट्रक लूट कर भागना चाहता था।
हमले में चालक के जबड़े और गले में चोट आई है। घायल चालक की पहचान कवींद्र पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।
बताया जाता है कि एक युवक नशे की हालत में ट्रक के पास पहुंचा और चालक से चाबी मांगने लगा। चालक ने चाबी देने से इनकार किया तो युवक ने कथित तौर पर चाकू से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चालक के जबड़े और गले पर चोट लगी।
घटना के बाद चालक ने ट्रक को सड़क के बीच में खड़ा कर दिया, जिससे जेम्को चौक के पास कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक से घटना की जानकारी ली।
पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

