
Seraikela: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आशियाना चौक पर सोमवार शाम करीब 6:45 बजे युवक के अपहरण और हवाई फायरिंग की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नकाबपोश छह-सात लोग एक वाहन से पहुंचे और कोलाबीरा निवासी आफताब नामक युवक को कार संख्या JH05CE5447 से बाहर निकालकर जबरन दूसरी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उसे अपने साथ लेकर चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने इस दौरान एक राउंड हवाई फायरिंग किए जाने का भी दावा किया।
घटना के समय कोलाबीरा क्षेत्र का एक व्यक्ति मौके पर मौजूद था, जिसने अपना नाम अफसर अली बताया। सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस ने नाकेबंदी कर दी। आदित्यपुर, कांड्रा, चांडिल और पारडीह कालीमंदिर के पास चेकिंग लगाई गई। इसी बीच अपहरणकर्ता युवक आफताब को तामोलिया के पास छोड़ कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि आफताब आरआईटी मोड़ के पास स्थित एक कंपनी में सुपरवाइजर है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से फिलहाल कोई खोखा बरामद नहीं हुआ है। पुलिस अपहरण और गोलीबारी के दावे की अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति और इसमें शामिल लोगों की पहचान हो सके।

