
Seraikela: सरायकेला के सदर अस्पताल के उपाधीक्षक ने नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी और उनके समर्थकों पर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ अक्सर सदर अस्पताल पहुंचकर बिना किसी ठोस कारण के हंगामा करते हैं और कर्मचारियों पर मानसिक दबाव बनाते हैं। कर्मचारियों को नौकरी से निकलवाने की धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है।
उपाधीक्षक ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक और कर्मचारी भयभीत हैं तथा मरीजों के इलाज में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए उचित कार्रवाई की मांग की गई है। चेतावनी दी गई है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर चिकित्सा पदाधिकारी और पारा कर्मी हड़ताल करने को बाध्य हो सकते हैं।
मामले की प्रतिलिपि सरायकेला थाना प्रभारी, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी और उपायुक्त को भी भेजी गई है। आरोपों पर नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी का पक्ष सामने आना बाकी है।


