
जमशेदपुर : जुगसलाई पुलिस स्टेशन का माहौल उस समय गर्मा गया, जब किन्नर समाज के लोग बड़ी संख्या में थाना परिसर में घुस आए। पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उनके आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किन्नरों का आरोप था कि हाल ही में उनके एक साथी से हुई मारपीट और लूटपाट के मामले में पुलिस ढुलमुल रवैया अपना रही है।
पूरा मामला जुगसलाई के गौरीशंकर रोड से जुड़ा है, जहां कुछ दिनों पहले एक किन्नर को निशाना बनाया गया था। दो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और उसके पर्स छीनकर फरार हो गए थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया। लेकिन पीड़ित पक्ष का गंभीर आरोप है कि पुलिस ने पैसे लेकर आरोपियों को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। इसी बात से नाराज होकर किन्नर समाज सड़कों पर उतरा और सीधे थाने में जाकर घेराव कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने समझाया
हंगामे को बढ़ते देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। उन्होंने आक्रोशित किन्नरों से काफी देर तक बातचीत की और मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिया कि आरोपियों को जल्द से जल्द दोबारा गिरफ्तार कर कानूनी शिकंजे में लाया जाएगा। इस आश्वासन के बाद किन्नर समाज का गुस्सा थोड़ा शांत हुआ। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही न्याय नहीं मिला, तो वे फिर से उग्र प्रदर्शन करेंगे।
प्रदर्शन के बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और दोनों संदिग्धों को दोबारा हिरासत में लेकर थाने ले आई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।


