
हजारीबाग: बड़कागांव क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार कोयला गाड़ी का कहर देखने को मिला। शुक्रवार को चेपाकला रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय जयपाली महतो की जान चली गई। वह मंझली डाडी से अपने काम के सिलसिले में चेपाकला की तरफ जा रहे थे, तभी एनटीपीसी के ट्रांसपोर्टिंग में लगे एक हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जयपाली महतो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गांव वालों का फूटा गुस्सा
हादसे की खबर फैलते ही मंझली डाडी और आसपास के गांव वालों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र परिजनों और स्थानीय लोगों ने एनटीपीसी के 4 नंबर गेट के सामने कोयला ढोने वाली सड़क को पूरी तरह ठप कर दिया। गुस्साए लोग पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और घर के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग पर अड़े हैं।
सार्वजनिक रास्तों पर ट्रांसपोर्टिंग रोकने की मांग
ग्रामीणों का साफ कहना है कि आम रास्तों से दिन-रात गुजरने वाली कोयला गाड़ियों की वजह से लोगों का चलना दूभर हो गया है और आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि एनटीपीसी आम जनता के इस्तेमाल वाली सड़कों से अपनी ट्रांसपोर्टिंग तुरंत बंद करे और कोयले की ढुलाई के लिए अलग से नया रास्ता बनाए।
घटना की सूचना मिलते ही डाड़ीकला ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी था।
Read Also: Hazaribagh Accident: हजारीबाग में बेकाबू स्कॉर्पियो ने ली दो की जान, बाइक सवार पिता-पुत्री की मौत


