
चाईबासा : चाईबासा स्थित पश्चिमी सिंहभूम बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी चुनने के लिए शुक्रवार को अधिवक्ता संघ परिसर में मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से ही बार एसोसिएशन परिसर में चुनावी गहमागहमी बनी हुई है और वकील अपनी नई टीम का चयन करने के लिए कतार में खड़े होकर मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। चुनाव मैदान में उतरे अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष समेत सभी पदों के प्रत्याशी और उनके समर्थक सुबह से ही वकीलों से संपर्क साधने में जुटे हैं। सभी दावेदार अपनी-अपनी विजय को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। पूरे परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराया जा रहा है। झारखंड स्टेट बार काउंसिल के सदस्य और अधिवक्ता अनिल महतो ने जानकारी दी कि मतदान की समय सीमा समाप्त होने के बाद अपराह्न 2 बजे से मतों की गिनती शुरू की जाएगी। मतगणना पूरी होने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा आधिकारिक परिणामों का ऐलान किया जाएगा।
चुनाव के मुद्दों पर बात करते हुए अधिवक्ता शिवकुमार दरिपा ने कहा कि बार परिसर में निर्माणाधीन सरकारी भवन का उचित रखरखाव और मेंटेनेंस सुनिश्चित करना नए पदाधिकारियों की प्रमुख जिम्मेदारी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिवक्ता केवल उन्हीं प्रत्याशियों का चुनाव करेंगे जो बार की व्यवस्थाओं और वकीलों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर हैं।
चुनाव समिति के अनुसार, शाम तक परिणाम सामने आ जाएंगे और पश्चिमी सिंहभूम बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
Read Also Chaibasa News : चक्रधरपुर में नदी से अधेड़ का शव बरामद, इलाके में सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

