Home » Chaibasa News : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. नीरा यादव का पश्चिमी सिंहभूम दौरा

Chaibasa News : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. नीरा यादव का पश्चिमी सिंहभूम दौरा

चाईबासा में सामान्य प्रयोजन समिति ने की समीक्षा बैठक, विकास कार्यों में तेजी लाने के दिया निर्देश

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति की अध्यक्ष डॉ. नीरा यादव का पश्चिमी सिंहभूम दौरा संपन्न हुआ। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेणु और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने गुलदस्ता देकर उनका औपचारिक स्वागत किया। आगमन के पश्चात परिसदन सभागार में डॉ. नीरा यादव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें समिति के सदस्य सुरेश कुमार बैठा सहित जिले के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी एवं बुनियादी ढांचागत योजनाओं की बारीकी से पड़ताल की गई।

बैठक के मुख्य दिशा-निर्देश

आपदा प्रबंधन विभाग को मुआवजे से जुड़े सभी लंबित दावों का निष्पादन शीघ्र करने की हिदायत दी गई। वहीं, कल्याण विभाग को निर्देश मिला कि विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत साइकिल वितरण का काम तुरंत पूरा किया जाए।

 पर्यावरण व शिक्षा

वन विभाग को व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाने तथा शिक्षा विभाग को स्कूली बच्चों के सहयोग से विद्यालय परिसरों में फलदार पेड़ लगाने को कहा गया। अध्यक्ष ने जिले में शिक्षकों के प्रतिनियोजन और पठन-पाठन की स्थिति का भी ब्योरा लिया। बिजली आपूर्ति में सुधार का जायजा लेने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग को सख्त आदेश दिए गए कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में जीवनरक्षक दवाइयों के साथ-साथ एंटीवेनम (सर्पदंश की दवा) का स्टॉक हर हाल में बनाए रखा जाए।

राजस्व एवं बुनियादी ढांचा

खनन, उत्पाद, वाणिज्य कर, राजस्व और परिवहन विभागों को उनके निर्धारित राजस्व संग्रह का लक्ष्य समय पर हासिल करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई, सामाजिक सुरक्षा, पशुपालन, उद्योग व पथ निर्माण जैसे विभागों की प्रगति भी परखी गई। अध्यक्ष ने सभी कार्यपालक अभियंताओं और जिला स्तरीय पदाधिकारियों को अपनी-अपनी योजनाओं की अद्यतन रिपोर्ट समय सीमा के भीतर जमा करने का निर्देश दिया।

Read Also Chaibasa news : मानकी-मुंडा संघ ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से की मुलाकात, विधायक सोनाराम सिंकू के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन

Related Articles

Leave a Comment