
एचईसी के पुनरुद्धार पर केंद्रीय संसदीय उप-समिति ने सीएम से की चर्चा
रांची : हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) लिमिटेड, रांची के पुनरुद्धार को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय संसदीय उप-समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई बैठक में एचईसी की मौजूदा स्थिति और उसके पुनरुद्धार के लिए आगे की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। छह सदस्यीय केंद्रीय संसदीय उप-समिति के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्यसभा सांसद तिरुची शिवा ने किया। बैठक में एचईसी को दोबारा पटरी पर लाने, संस्थान की वर्तमान स्थिति तथा पुनरुद्धार से जुड़े संभावित कदमों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री और समिति के सदस्यों के बीच एचईसी के भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल में सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सांसद सुलता देव, सांसद कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी, सांसद हँसमुखभाई सोमाभाई पटेल और सांसद चंदन चौहान शामिल थे।


