
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को स्ट्रीट फूड वेंडर्स के लिए दो दिवसीय FoSTaC प्रशिक्षण शुरू किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन सदर अस्पताल चाईबासा स्थित सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में किया गया। इसका शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार ने किया। मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जुझार माझी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी धनेश्वर हेम्ब्रम और बड़ी संख्या में ठेला-खोमचा संचालक मौजूद रहे। यह प्रशिक्षण नेस्ले कंपनी और नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (NASVI) के सहयोग से दो बैचों में कराया जा रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने वेंडर्स से अपील की कि खाना बनाते और बेचते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। खाने में नमक, चीनी, तेल और फूड कलर का कम से कम उपयोग करें और हमेशा अच्छी गुणवत्ता वाली सामग्री ही इस्तेमाल करें ताकि लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर न पड़े।
सभी वेंडर्स को दी गई हाइजीन किट
प्रशिक्षण के दौरान वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, कच्चे और पके भोजन के रख-रखाव, सुरक्षित तरीके से भोजन बनाने और परोसने के बारे में विस्तार से बताया गया। बताया गया कि खाने की गुणवत्ता सिर्फ स्वाद से नहीं, बल्कि उसकी साफ-सफाई, भंडारण और परोसने के तरीके से भी तय होती है। प्रशिक्षण में सभी वेंडर्स को हाइजीन किट भी दी गई, जिसमें एप्रन, ग्लव्स, टोपी, हेयर नेट, साबुन, तौलिया और निर्देशिका शामिल है। वेंडर्स को कारोबार के दौरान एप्रन, ग्लव्स और हेयर नेट पहनने और हाथों की नियमित सफाई पर जोर दिया गया।
जिला प्रशासन ने वेंडर्स प्रशिक्षण में मिली जानकारी को कारोबार में लागू करने की अपील की
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों की जानकारी दी गई। वेंडर्स को बताया गया कि एक्सपायरी, बासी या खराब सामग्री का उपयोग बिल्कुल न करें, खाने को ढककर रखें, साफ पानी का उपयोग करें और बर्तनों की नियमित सफाई करें। FSSAI का लाइसेंस या पंजीकरण लेकर दुकान पर प्रदर्शित करने को भी कहा गया। जिला प्रशासन ने अपील की है कि वेंडर्स प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने रोज के कारोबार में लागू करें और लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
Read Also Road Accident : नशे में धुत युवक की बाइक पोल से टकराई, एक की मौत, दूसरा पूरी रात दर्द से तड़पता रहा


