Home » Road Accident : नशे में धुत युवक की बाइक पोल से टकराई, एक की मौत, दूसरा पूरी रात दर्द से तड़पता रहा

Road Accident : नशे में धुत युवक की बाइक पोल से टकराई, एक की मौत, दूसरा पूरी रात दर्द से तड़पता रहा

गंगदा घाटी के पास तीव्र गति और नशे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे लोहे के पोल में जा घुसी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि गुरा के सिर में गहरी चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत गुवा थाना क्षेत्र की गंगदा घाटी में एक भयावह सड़क दुर्घटना सामने आई है। अनियंत्रित बाइक के सड़क किनारे स्थित लोहे के पोल से टकरा जाने के कारण 18 वर्षीय युवक की घटना स्थल पर ही जान चली गई, वहीं उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक की पहचान नुईया गांव के निवासी गुरा चाम्पिया (18 वर्ष, पिता- सोमनाथ चाम्पिया) के रूप में हुई है। इस हादसे में घायल युवक का नाम जादू जामुदा (18 वर्ष) है।

बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक गुरुवार शाम रोवाम हाट से मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस गुवा की तरफ आ रहे थे। वे दोनों अत्यधिक शराब का सेवन किए हुए थे। गंगदा घाटी के पास तीव्र गति और नशे के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे लोहे के पोल में जा घुसी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि गुरा के सिर में गहरी चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मदद की गुहार अनसुनी, घाटी में बीती दर्दनाक रात

दुर्घटना के बाद चोटिल जादू जामुदा ने राहगीरों से सहायता की गुहार लगाई और कई गाड़ियों को इशारा किया, मगर शाम का धुंधलका और सन्नाटा होने के कारण कोई भी वाहन रुकने को तैयार नहीं हुआ। मदद न मिलने के चलते घायल युवक और उसके साथी का शव पूरी रात घाटी के सुनसान रास्ते पर ही पड़ा रहा।

सुबह पहुंची पुलिस, जांच शुरू

शुक्रवार की सुबह जैसे ही स्थानीय प्रशासन को इस घटना की सूचना मिली, पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों को आनन-फानन में गुवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने गुरा चाम्पिया को मृत घोषित कर दिया और घायल जादू का उपचार प्रारंभ किया। गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है तथा दुर्घटना की स्पष्ट वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात होगा।

Read Also Chaibasa News : बुंडू गांव के पास अचानक गिरने से महिला की मौत, रोआम हाट से लौट रही थी घर

Related Articles

Leave a Comment