RANCHI: रांची के पंडरा बाजार समिति में एक बड़े वित्तीय घोटाले का मामला सामने आया है, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है। कृषि विपणन पर्षद को मिली शिकायत के बाद बाजार पर्यवेक्षक साधन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर गंभीर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि साधन कुमार को केवल 10 हजार रुपये तक चेक जारी करने का अधिकार था, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर 4 करोड़ रुपये का चेक जारी कर दिया और बैंक के माध्यम से उसका भुगतान भी हो गया। इस पर सवाल उठाते हुए पर्षद के अध्यक्ष रबीन्द्र सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और बैंक की भूमिका पर भी संदेह जताया है।
इस पूरे प्रकरण की जानकारी एजी को भी दे दी गई है ताकि उच्चस्तरीय जांच हो सके। पंडरा बाजार समिति पहले से ही विवादों में रही है और यहां प्रशासनिक अव्यवस्था लगातार सामने आती रही है। आरोपी अधिकारी पर अनुशासनहीनता, उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी के भी आरोप हैं। फिलहाल उन्हें चाईबासा स्थानांतरित कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

