Jamshedpur : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली के डैम डूबी अंसार नगर इलाके में युवक की हत्या कर शव जला दिया गया है। युवक का अधजला शव अंसार नगर के फॉरेस्ट इलाके के बावनबीघा में जली हुई अवस्था में मंगलवार को मिला है। चेहरा पूरी तरह जल गया है। शरीर के अन्य हिस्से भी जल गए हैं। इससे शव की पहचान बहुत मुश्किल बताई जा रही है।
मुस्तकीम के परिजन भी शव देखने पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव मिलने की जानकारी मिलने पर इलाके के लोग भी जमा हो गए। कुछ लोगों का कहना है कि कपाली से मुस्तकीम चप्पल वाला कई दिनों से गायब है। यह युवक चप्पल बेचा करता था। उसके एक हाथ में अंगूठी थी। मुस्तकीम के परिजन भी पहुंचे और आशंका जताई की शव मुस्तकीम का हो सकता है। जबकि, घटनास्थल से एक अधजला आधार कार्ड मिला है। इस पर किसी और का नाम है। इससे मामला फंस गया है और यह कंफर्म नहीं हो रहा कि शव मुस्तकीम का ही है। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान के लिए वैज्ञानिक तरीके अपनाए जाएंगे।
हाथ में अंगूठी और आधार कार्ड से रहस्य गहराया
परिजनों का कहना है कि मुस्तकीम ने एक हाथ में अंगूठी पहन रखी थी और जो शव मिला है, उसकी अंगुली में भी अंगूठी है। हत्या की ये घटना कब और किसने अंजाम दी। इस बारे में पता लगाने की कोशिश शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुट गई है।
घटनास्थल की तरफ जाने वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरों की तलाश
आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ताकि पता लगाया जाएगा जा सके कि यह युवक घटनास्थल की तरफ कैसे गया। उसके साथ कौन-कौन था। कौन उसे लेकर गया। घटनास्थल की तरफ आने जाने वाले लोग कौन थे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शव की पहचान कर ली जाएगी और आरोपियों का पता लगाया जाएगा।
रविवार को घर से निकला था मुस्तकीम
मुस्तकीम की पत्नी परवीन ने पुलिस को बताया कि वह 24 मई रविवार को घर से निकले थे। वह चप्पलों की फेरी किया करते थे। रविवार को शाम सात बजे पत्नी ने फोन लगाया तो उन्होंने बताया था कि वह थोड़ी देर में घर पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा था कि भूख लगी है। थोड़ा चना खा लेते हैं। इसके बाद पत्नी ने साढ़े सात बजे फिर फोन लगाया तो वह स्विच ऑफ था। इसी से पत्नी को आशंका है कि उनके साथ कोई अनहोनी हो गई है। पत्नी का कहना है कि रात भर उन्होंने फोन लगाया मगर वह स्विच ऑफ ही रहा। अगले दिन पत्नी ने कपाली ओपी पुलिस को मामले की सूचना दी थी। मगर ओपी पुलिस ने मुस्तकीम की तलाश के लिए ज्यादा कुछ नहीं किया। परवीन को पूरा शक है कि यह शव उनके पति का ही है। परवीन कहती हैं कि शव की अंगुली में अंगूठी है। मुस्तकीम छोटा मोबाइल रखते थे। यहां से छोटा मोबाइल भी मिला है। गौरतलब है कि हत्यारों ने शव की पहचान छिपाने के लिए ही उसे जलाने की कोशिश की है। हो सकता है कि हत्यारों ने कोई फर्जी आधार कार्ड घटना स्थल के पास रख दिया हो ताकि पुलिस शव की पहचान को लेकर कंफ्यूजन में रहे।

