Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दुकानदार और उसके बेटे पर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ कर छोड़ दिया और जब थाने पर जाकर कार्रवाई की मांग की गई तो उन्हें धमकाया गया कि अगर ज्यादा भाग दौड़ करोगे तो काउंटर केस दर्ज कर तुम पर ही कार्रवाई कर देंगे।
गौरतलब है कि परसुडीह मेन बाजार स्थित सेंट्रल बैंक के पास रहने वाले मोती लाल यादव (60 वर्ष) ने बताया कि 21 फरवरी की शाम करीब 7 बजे वह अपनी आलू की दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान इशु पोद्दार, करण पोद्दार, जोगार्ड पोद्दार, सोनू पोद्दार, मिथुन पोद्दार, देवराज गोप, कुणाल दास, अविनाश गोप, विनोद यादव, गणेश पोद्दार और कृष वर्मा समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने चापड़ और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। इस हमले में उनके बेटे शुभम यादव भी घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई, दाहिने हाथ में तलवार से घाव हुआ और एक दांत भी टूट गया।
घटना के बाद दोनों घायल इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे। उपचार के बाद उन्होंने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
मोती लाल यादव ने आरोप लगाया है कि थाना प्रभारी की ओर से मामले में कार्रवाई करने के बजाय समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि पुलिस की ओर से यह भी कहा गया कि यदि समझौता नहीं किया गया तो काउंटर केस दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा।
पीड़ित के अनुसार, आरोपित लगातार उनके दुकान और घर के आसपास घूमकर धमकी दे रहे हैं और धारदार हथियार लेकर रेकी कर रहे हैं। इससे उनके परिवार में भय का माहौल है और दुकान खोलना भी असुरक्षित महसूस हो रहा है।
उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
Read Also: Chaibasa News: भटकते हुए केरल पहुंच गया चाईबासा के सोनुवा का बालक, 12 साल बाद लाया गया वापस

