
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला के चक्रधरपुर के एम/एस रश्मि इलेक्ट्रॉनिक्स में हुई करीब 46 लाख रुपये की चोरी के मामले में कुछ आरोपियों के पकड़े जाने के बाद भी चोरी गया सामान बरामद नहीं होने से व्यापारी वर्ग में भारी नाराजगी है। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का प्रतिनिधिमंडल पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार से मिला।
सिर्फ गिरफ्तारी से न्याय पूरा नहीं होगा : चेंबर
प्रतिनिधिमंडल में चेंबर अध्यक्ष संजय चौबे, संयुक्त सचिव विवेक कुमार सिन्हा, चक्रधरपुर अनुमंडल उपाध्यक्ष गोपाल खिरवाल, राजेश काबरा समेत चेंबर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में चक्रधरपुर के व्यापारी शामिल थे। साथ में पीड़ित व्यवसायी आशीष पाड़िया भी मौजूद थे।व्यापारियों ने डीसी को बताया कि पुलिस की अब तक की कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई लेकिन माल की बरामदगी नहीं हुई, जिससे जांच की गंभीरता पर सवाल उठ रहा है। व्यापारियों का कहना था कि अगर इतनी बड़ी चोरी के बाद भी सामान वापस नहीं मिलता तो अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा और कानून व्यवस्था पर से भरोसा कम होगा।
कठोर कार्रवाई और उच्चस्तरीय निगरानी की मांग
चेंबर ने स्पष्ट कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सिर्फ आश्वासन से नहीं होगी, इसके लिए जमीनी नतीजे चाहिए। प्रशासन को अब औपचारिकता छोड़कर जवाबदेही तय करनी होगी। अगर अपराधी पकड़े जा सकते हैं तो चोरी गया सामान भी बरामद होना चाहिए। इस मामले में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से आग्रह किया कि वे इस मामले की खुद निगरानी करें और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दें कि जल्द से जल्द सामान बरामद हो, पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो, ताकि व्यापारियों का प्रशासन पर विश्वास बहाल हो सके।
आंदोलन की चेतावनी
चाईबासा चेंबर ने दो टूक कहा कि यदि शीघ्र चोरी का माल बरामद नहीं हुआ और मामले का संतोषजनक समाधान नहीं निकला, तो व्यापारी समाज लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन करने को मजबूर होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।व्यापारियों ने कहा कि व्यापार सुरक्षित रहेगा तभी क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा। अपराध पर नियंत्रण करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
Read Also Chaibasa News : पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर चाईबासा में श्रद्धांजलि सभा

