
Jamshedpur : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में मोहम्मद अफताब आलम की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समद को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने हत्यारोपी कुलसूम बीबी को भी पकड़ा है। कुलसूम बीबी इस घटना के एक अन्य आरोपी शाहरुख की पत्नी है। शाहरुख पर ब्राउर शुगर का धंधा करने का आरोप है।
पुलिस ने लिख-पढ़ी करने के बाद दोनों को मंगलवार को जेल भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने 11 लोगों को नामजद किया था। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना से पहले रेकी में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट वाली नीले और काले रंग की स्कूटी भी बरामद की है।
गौरतलब है कि 2 अगस्त रविवार की रात रेलवे कंटेनर यार्ड के पास मोहम्मद आफताब आलम पर जानलेवा हमला किया गया था। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान कोलकाता में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), डीएसपी विधि-व्यवस्था और डीएसपी नगर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मामले के आरोपी मोहम्मद समद और कुलसुम बीबी कैरेज कॉलोनी स्थित अपने घर में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद समद का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से बर्मामाइंस थाना में हत्या के प्रयास, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा बंदगांव थाना में डकैती का एक पुराना मामला भी दर्ज है।
इस कार्रवाई में डीएसपी सुमित कुमार, बर्मामाइंस थाना प्रभारी कुमार सरयू आनंद समेत थाना के कई पुलिस अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही।


