Home » Jamshedpur News : जर्जर पुल बना खतरा, सड़क पर गड्ढे और दिख रही सरिया

Jamshedpur News : जर्जर पुल बना खतरा, सड़क पर गड्ढे और दिख रही सरिया

स्वर्णरेखा नदी पर वर्षों पुराने पुल की हालत चिंताजनक, मरम्मत की मांग को लेकर उपायुक्त को दिया गया आवेदन

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : स्वर्णरेखा नदी पर बने वर्षों पुराने पुल की जर्जर स्थिति अब चिंता का कारण बनती जा रही है। पुल की सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है और लोहे की सरिया तक बाहर दिखाई दे रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए परेशानी और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।

पुल के किनारे तथा नदी के बीच बने पुराने कंक्रीट के ढांचों की स्थिति भी खराब दिखाई दे रही है। पुल के नीचे स्वर्णरेखा नदी का पानी बहता है, जबकि कई हिस्सों में पुरानी संरचना क्षतिग्रस्त नजर आती है। ऐसे में पुल की तकनीकी स्थिति की जांच व आवश्यक मरम्मत को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

24 जुलाई को उपायुक्त को दिया गया था आवेदन

पुल की स्थिति को लेकर 24 जुलाई 2026 को उपायुक्त, जमशेदपुर को आवेदन देकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया था। आवेदन में कहा गया है कि यह पुराना पुल शहर में यातायात के दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके बावजूद लंबे समय से पुल की समुचित मरम्मत नहीं होने की बात कही गई है।
आवेदन में पुल की खराब स्थिति से दुर्घटना की आशंका जताते हुए लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई है। आवेदक की ओर से पुराने पुल की मरम्मत कराने का आग्रह किया गया है।

गोविंदपुर-घोड़ाबांधा मार्ग भी बदहाल

गोविंदपुर-घोड़ाबांधा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण बाईपास सड़क की खराब स्थिति का मामला भी आवेदन में उठाया गया है। आवेदन के अनुसार यह मार्ग NH-33 से जुड़ा है और भारी वाहनों के आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण है। सड़क की खराब स्थिति के कारण इस मार्ग पर भी दुर्घटना की आशंका जताई गई है।

आवेदन में कहा गया है कि नए पुल के निर्माण की चर्चा लंबे समय से होती रही है, लेकिन पुराने पुल की मरम्मत नहीं होने से फिलहाल लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नए पुल के निर्माण तक पुराने पुल और संबंधित सड़क की स्थिति सुधारने की आवश्यकता बताई गई है।

प्रशासन से जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग

आवेदक ज्ञान सागर प्रसाद ने उपायुक्त से पुराने पुल और सड़क की मौजूदा स्थिति को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। मांग की गई है कि पुल की संरचनात्मक स्थिति की जांच कराकर जरूरत के अनुसार मरम्मत एवं सड़क की मरम्मत का काम कराया जाए।

Related Articles

Leave a Comment