
Jamshedpur : टेल्को मनिफिट टीओपी चौक के समीप वर्षों से दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे सब्जी दुकानदारों को हटाने पहुंचे लोगों का दुकानदारों ने विरोध किया। सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सह मजदूर नेता बंटी सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों के समर्थन में खड़े हो गए। उन्होंने दुकानदारों को हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए उनके साथ सड़क जाम कर दिया। इसके कारण बड़े वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ और यातायात व्यवस्था पर असर पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने वार्ता के लिए सभी पक्षों को बुलाया। इसके बाद कंपनी प्रबंधन की ओर से सुनील सिंह, बर्मामाइंस, टेल्को और गोविंदपुर थाना के थाना प्रभारियों तथा दुकानदारों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता हुई। वार्ता में दुकानदारों की ओर से समाजसेवी सह मजदूर नेता बंटी सिंह और आजसू नेता अप्पू तिवारी ने पक्ष रखा।
वार्ता के दौरान फिलहाल दुकानदारों को दो माह की मोहलत देने पर सहमति बनी। इस अवधि में दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर कंपनी प्रबंधन और संबंधित पक्षों के बीच बातचीत की जाएगी।
बंटी सिंह ने कहा कि दुकानदारों को हटाने से पहले कंपनी को उनके लिए व्यवस्थित वैकल्पिक व्यवस्था करनी होगी। वर्षों से दुकान लगाकर परिवार चलाने वाले लोगों को अचानक हटाना उचित नहीं है। यदि कंपनी दुकान हटाना चाहती है तो पहले दुकानदारों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कंपनी की ओर से जेमको से मनिफिट मार्ग पर दुकान लगाने की अनुमति देने की बात कही जा रही है, जबकि दुकानदार डीवीसी के समीप उपयुक्त स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति की मांग कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर कंपनी और दुकानदारों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है।
बंटी सिंह ने कहा कि दो दिनों के भीतर इस मामले में पुनः वार्ता होगी। यदि दुकानदारों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया और उन्हें उचित वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई, तो दुकानदारों के हित में आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर कंपनी गेट जाम कर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि यह संघर्ष किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि दुकानदारों के रोजगार और सम्मान के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है। प्रशासन और कंपनी प्रबंधन को ऐसा समाधान निकालना चाहिए, जिससे दुकानदारों का रोजगार भी सुरक्षित रहे और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो।
बंटी सिंह ने स्पष्ट कहा कि “दुकानदारों को उजाड़ने से पहले बसाना होगा, अन्यथा सड़क से लेकर कंपनी गेट तक आंदोलन किया जाएगा।”
आंदोलन के दौरान बंटी सिंह, अप्पू तिवारी, मुन्ना चौबे, चिंटू सिंह, हृतिक चौबे, सविता सिंह, शांति देवी, पिंकी सिंह समेत क्षेत्र के सैकड़ों युवा, महिलाएं और अन्य लोग मौजूद थे।

