
रांची : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने एमएमडीआर अधिनियम को लेकर झामुमो और कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। हजारीबाग में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि विपक्षी दल कानून की गलत व्याख्या कर रहे हैं, जबकि भाजपा इसके प्रावधानों और प्रभाव की जानकारी लोगों तक पहुंचायेगी। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाएंगे।
आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड में कोयले पर 450 रुपये और आयरन ओर पर 600 रुपये प्रति टन सेस लगाया गया है, जबकि पड़ोसी राज्यों में यह काफी कम है। उनके अनुसार, इससे झारखंड में उद्योगों के लिए कच्चा माल महंगा पड़ रहा है और कारोबारी दूसरे राज्यों से कोयला खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे राज्य के राजस्व पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने राज्य सरकार पर खनिज संपदा के अवैध कारोबार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि एमएमडीआर कानून लागू होने के बाद अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगेगी और राजस्व सीधे सरकारी खजाने में जायेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र से सीआईएसएफ की तैनाती बढ़ाने की मांग की गयी है और आम्रपाली क्षेत्र में 200 जवान तैनात किये गये हैं।
साहू ने दावा किया कि झारखंड में छह वर्षों में 34 के मुकाबले केवल चार खदानों की नीलामी हुई। उन्होंने डीएमएफटी फंड के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया और कहा कि इसका उपयोग विकास कार्यों में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा एमएमडीआर को लेकर गांव-गांव तक लोगों को तथ्यों की जानकारी देगी। जरूरत पड़ने पर पार्टी नाकेबंदी भी करेगी।
प्रेसवार्ता में बरही विधायक मनोज यादव, हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद, बरकट्ठा विधायक अमित यादव, प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव और जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह मौजूद थे।

