
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आगामी 22 सितंबर से शुरू हो रहे पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग को लेकर तैयारियां जोरों पर है। वही खेल प्रेमी भी खासा उत्साह नजर आ रहे हैं। इसके सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को एक निजी रेस्टोरेंट में एक कार्यक्रम आयोजित कर चमचमाती ट्रॉफी का अनावरण किया गया।
ट्राफी अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के डीसी मनीष कुमार एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष संजय पांडेय, कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष, सचिव सौरभ तिवारी तथा संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम, पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम सिंह, कोषाध्यक्ष सुप्रियो फौजदार, पियूष आनंद के अलावे फ्रेंचाइजीस के मालिक भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर इसकी शुभारंभ करते हुए ट्रॉफी का अनावरण किया।
खिलाड़ियों के लिए खेलने और सीखने का सुनहरा अवसर : डीसी
इस मौके पर डीसी मनीष कुमार ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग का आयोजन करना यहां के खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर है कि यहां खेलने और सीखने का मौका मिल रहा है। इस तरह का कार्यक्रम आगे भी होता रहे। खिलाड़ी बेहतर खेलें और नेशनल स्तर पर पहुंचे। डीसी ने कहा कि यहां की इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगी।

फैनकोड पर सभी मैचों का होगा सीधा प्रसारण
जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 22 सितंबर से 2 अक्तुबर तक चलने वाले इस प्रतियोगिता के सभी मैचों का सीधा प्रसारण फैनकोड पर किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में आईकॉन खिलाड़ी के रूप में झारखण्ड रणजी टीम के कप्तान विराट सिंह, कोलकाता नाइट राइडर्स से खेलने वाले अनुकूल राय, इंडिया ए टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले धाकड़ बल्लेबाज कुमार कुशाग्र, मुंबई इंडियनस से खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज रोबिन मिंज, राजस्थान रॉयल्स से खेलने वाले बाँये हाथ के तेज गेंदबाज़ सुशांत मिश्रा तथा हाल ही में सम्पन्न हुए झारखण्ड टी20 लीग में धमाल मचाने वाले बल्लेबाज उत्कर्ष सिंह शामिल हैं।
छः फ्रेंचाइजीस की टीमें लेंगी भाग
महासचिव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में चाईबासा चैलेंजर्स, कोल्हान टाइटंस, चक्रधरपुर रॉयल्स, सारंडा वारियर्स, किरीबुरु ब्लास्टर्स तथा जगन्नाथपुर टाइगर्स के नाम से कुल छः फ्रेंचाइजीस की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के सभी मैच ओपन लीग आधार पर खेले जाएंगे। लीग मैच की समाप्ति के बाद अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर रहनेवाली चार टीमें सेमीफाईनल में प्रवेश करेगी तथा फाइनल मैच गाँधी जयंती के अवसर पर दो अक्तूबर को खेला जाएगा।
Read Also Chaibasa News : MMDR विधेयक के विरोध में झामुमो का धरना प्रदर्शन 7 सितंबर को

