
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग शहर में मटवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल पर गुरुवार की रात अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। रात करीब 10.10 बजे तीन-चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने होटल के मुख्य प्रवेशद्वार को निशाना बनाकर फायरिंग की। गोली लगने से होटल का शीशे का मुख्य दरवाजा टूट गया। घटना के दौरान होटल का सुरक्षागार्ड बाल-बाल बच गया। राहत की बात रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपराधी अचानक होटल के बाहर पहुंचे और फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद होटल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अपराधियों ने किस मकसद से होटल को निशाना बनाया, इसका पता नहीं चल सका है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। एडिशनल एसपी अमित कुमार, सदर एसडीपीओ रूपक कुमार और कोर्रा थाना प्रभारी समेत विभिन्न थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू की।
पुलिस होटल और आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के पीछे की वजह और अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।
Read Also- Jamshedpur Crime : रामगढ़ में 43 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, बिरसानगर से पांच साइबर ठग गिरफ्तार

