
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले की टेबो थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित फरार अभियुक्त के पैतृक आवास पर घर पहुंचकर न्यायालय के निर्देशानुसार इश्तेहार (प्रोक्लेमेशन नोटिस) चस्पा किया है। मिली जानकारी के अनुसार टेबो थाना कांड संख्या 7/24 के तहत मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा यह मामला दर्ज किया गया था।
इस मामले में ट्रक संख्या RJ19GJ- 0511 के मालिक रजाक खान, पुत्र मुसे खान, जो कि भिखोडाई चुनी मौलाना आजाद नगर थाना फलसूण्ड, जिला जैसलमेर राजस्थान के निवासी हैं, जिसे आरोपी बनाए गए हैं। टेबो थाने की पुलिस के टीम ने स्थानीय फलसूण्ड थाना पुलिस के सहयोग से राजस्थान पहुँची और कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए अभियुक्त के घर के मुख्य द्वार पर इश्तेहार चिपकाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कानूनी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य आरोपी को अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने या निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में पेश होने के लिए विधिवत सूचित करना है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथि तक अभियुक्त अदालत में हाजिर नहीं होता है, तो न्यायालय के आदेशानुसार उसकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया तेजी से पूरी कर रही है।

