
Jamshedpur : टेल्को राममंदिर परिसर में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम और भक्ति भाव के साथ मनाई जाएगी। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पूरे राममंदिर परिसर को रंगीन विद्युत सज्जा से सजाया जा रहा है।
जन्माष्टमी के अवसर पर राममंदिर के ज्ञानमंडप सभागार में शाम सात बजे से लोकगायक दुलरुआ सोनू सिंह एंड टीम द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के भजनों की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं, अतिथि कलाकार के रूप में छपरा (बिहार) के भोजपुरी लोकगायक रानू भारती भोजपुरी भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।
झांकियां रहेंगी विशेष आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत के साथ वीर बजरंगबली, कृष्ण-सुदामा, राधा-कृष्ण और भगवान शिव की मनमोहक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी। झांकियों और भजन संध्या को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
राममंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी मंदिर समिति
कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में मंदिर समिति के महामंत्री चंद्रभान सिंह के साथ कृष्ण कुमार मिश्रा, बबन पांडेय, नरेंद्र कुमार सिंह (हैप्पी), नंदलाल सिंह, कामेश्वर सिंह, सुरेश दुबे, विजय कुमार सिंह, मनंजय पांडेय, मनोज कुमार पांडेय, सुधीर कुमार सिंह, अभय पांडेय, दीपक कुमार, जयशंकर दुबे, राजेश पांडेय, सुमंत मिश्रा, राकेश कुमार सिंह, शैलेश कुमार सिंह, अरविंद प्रसाद और भीम तिवारी समेत मंदिर समिति के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

