
चाईबासा : कोल्हान के ऐतिहासिक सेरेंगसिया कोल विद्रोह के महान योद्धा वीर शहीद सरदार पोटो हो के बलिदान को सम्मान देने की दिशा में चाईबासा में पहल तेज हो गई है। जिला समाहरणालय परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर आदिवासी सामाजिक संगठनों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क अभियान शुरू कर दिया है।
इसी क्रम में रविवार को आदिवासी हो समाज युवा महासभा, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन, आदिवासी हो समाज महासभा, मानकी-मुंडा संघ और आदिवासी उरांव समाज संघ समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी सहित जिले के सभी विधायकों और विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने डीसी ऑफिस परिसर में वीर शहीद पोटो हो की आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने के लिए आवश्यक पहल और सहयोग का आग्रह किया।
आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष इपिल सामड ने कहा कि वीर शहीद पोटो हो ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ते हुए जल, जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। ऐसे महान योद्धा की प्रतिमा जिला समाहरणालय परिसर में स्थापित होना पूरे कोल्हान के लिए गौरव की बात होगी। इससे उनके संघर्ष और बलिदान की स्मृति आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रतिमा लगाने का विषय नहीं है, बल्कि कोल्हान के इतिहास और वीरों के संघर्ष को सम्मान देने की पहल है।
प्रतिमा स्थापना में यथासंभव सहयोग करेंगे : दीपक बिरुवा
कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा ने मांग का स्वागत करते हुए कहा कि कोल्हान की माटी के सपूत वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित करने की पहल सराहनीय है। इस कार्य में जो भी उचित और संभव सहयोग होगा, वह स्वयं तथा जिले के सभी विधायक और सांसद मिलकर करेंगे।
इन जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
प्रतिमा स्थापना को लेकर कैबिनेट मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु और मनोहरपुर विधायक जगत मांझी को ज्ञापन सौंपा गया। इसके अलावा झामुमो, भाजपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों, उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम, अनुमंडल पदाधिकारी सदर चाईबासा और सदर अंचल अधिकारी को भी ज्ञापन देकर प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
प्रतिनिधिमंडल में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष इपिल सामड, महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम, केंद्रीय संयुक्त सचिव रवि बिरुली, आदिवासी हो समाज महासभा के कोषाध्यक्ष चैतन्य कुंकल, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत संगठन के अध्यक्ष रमय पूर्ति, सचिव चंद्र मोहन बिरूवा, बोंज देवगम, रामेश्वर सवैया, रामसिंह होनहागा, मानकी-मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट के केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा, महासचिव चंदन होनहागा, आदिवासी उरांव समाज संघ के उपसचिव लालू कुजूर, पंकज खलखो, विष्णु मिंज, आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा, ओयवन हेंब्रम, सुरेंद्र पूर्ति समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।

