
चतरा: जिले के टंडवा क्षेत्र में मंगलवार को भीड़ ने कानून को हाथ में लेते हुए एक खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। एक नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी मोहम्मद इमरोज़ को उग्र ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मार डाला। इस दौरान बीच-बचाव करने आए आरोपी के पिता को भी भीड़ ने खंभे से बांधकर जमकर पीटा।
सोमवार शाम शौच के लिए निकली नाबालिग लड़की अचानक गायब हो गई। आरोप है कि इमरोज़ ने उसे बंधक बनाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह पीड़ित बच्ची जैसे-तैसे अपने घर पहुंची और आपबीती सुनाई। इस घिनौनी कुकृत्य की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण भड़क उठे और आरोपी के घर को घेर लिया।
पुलिस ने अस्पताल भेजा,इलाज के दौरान मौत
आक्रोशित लोगों ने इमरोज़ को घर से खींचकर सड़क पर लाठी-डंडों और पत्थरों से बुरी तरह कुचला। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे भीड़ से छुड़ाकर पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर हजारीबाग अस्पताल भेजा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बड़गांव में स्थिति तनावपूर्ण

भीड़ ने आरोपी के पिता को भी खंभे से बांधकर पिटाई की। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई। वहीं टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन ने इन आरोपों को गलत बताया है। अधिकारी के मुताबिक, पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही भीड़ हमला कर चुकी थी।
घटना के बाद बड़गांव में स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि हिंसा के वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उपद्रवियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

