पलामू : झारखंड के पलामू शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेडमा समदा आहर से अपहरण करने के बाद विनीत तिवारी की हत्या को लेकर आईजी अभियान- सह- जोनल आईजी नरेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को एसपी कार्यालय में मामले की समीक्षा की। बैठक में पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल और पलामू जिले के एसपी कपिल चौधरी भी मौजूद थे। समीक्षा बैठक के दौरान आईजी ने हत्याकांड की जांच से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर पलामू की जिला पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस को कहां तकनीकी अड़चन आ रही है, इस बिंदु पर मंथन किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के कई स्तर पर पुलिस ने विशेष रणनीति भी बनाई।
बैठक के बाद एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और मामले में कई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया है, जो पूरे हत्याकांड की जांच कर रही है।
बता दें कि 25 अप्रैल 2026 को विनीत तिवारी का अपहरण हुआ था। अगले दिन 26 अप्रैल को सदर थाना क्षेत्र से उसका शव बरामद किया गया था। इस मामले में प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल और उसके भाई दिलीप तिवारी उर्फ मिंटू तिवारी पर हत्या का आरोप लगा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मिंटू तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल अब भी फरार बताया जा रहा है।

