
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तोनांगहातु गांव के कड़ासाई टोले में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां पारिवारिक विवाद के चलते एक शख्स ने अपनी ही पत्नी की गमछे से गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी पति को घटनास्थल से ही दबोच लिया है।
शादी के बाद से ही चल रहा था विवाद
मृतका की पहचान शुरू कुई के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक शुरू कुई का विवाह वर्ष 2012 में कानूराम डिग्गी के साथ हुआ था। हालांकि शादी के बाद से ही दोनों के वैवाहिक जीवन में कड़वाहट आ गई थी। आरोप है कि कानूराम ने पहली पत्नी के रहते हुए दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद वह अक्सर शुरू कुई के साथ मारपीट और प्रताड़ित किया करता था।
20 दिन पहले हुआ था समझौता
घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए करीब 20 दिन पहले दोनों पक्षों के बीच सामाजिक स्तर पर बैठकर समझौता भी कराया गया था। लेकिन इस सुलह के बाद भी घर का माहौल नहीं सुधरा और पारिवारिक कलह जारी रही।
बहस के बाद वारदात को दिया अंजाम
सोमवार की सुबह एक बार फिर पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर कानूराम ने पास रखे एक गमछे से पत्नी का गला घोंट दिया। दम घुटने के कारण महिला ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने स्थानीय ग्राम प्रधान (मुंडा) को मामले की जानकारी दी। मुंडा की सूचना पर जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच शुरू
पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी पति कानूराम डिग्गी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की आधिकारिक वजहों की पूरी तरह पुष्टि हो पाएगी। इस घटना के बाद से पूरे तोनांगहातु गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों ने आरोपी पति के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी सजा की मांग की है।
Read Also- Chaibasa Murder : घरेलू कलह में पति ने गमछे से घोंटा पत्नी का गला, पुलिस ने किया गिरफ्तार

