
Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट में कथित रूप से फर्जी सरकारी दस्तावेज प्रस्तुत करने के मामले में चतरा पुलिस ने भाजपा नेता श्रीनिवास सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी रांची के कांके थाना क्षेत्र से की गई। आरोपी पर हंटरगंज अंचल कार्यालय से जुड़े सरकारी दस्तावेज में छेड़छाड़ कर उसे अदालत में पेश करने का आरोप है। मामले में हंटरगंज थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला जयशंकर स्टोन इंडस्ट्रीज से जुड़े एक प्रकरण की सुनवाई के दौरान सामने आया। अदालत में हंटरगंज अंचल कार्यालय के नाम से जारी एक पत्र प्रस्तुत किया गया था, जिसकी सत्यता पर संदेह होने के बाद संबंधित विभागों के अभिलेखों की जांच कराई गई।
जांच में जिला खनन कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय और हंटरगंज अंचल कार्यालय के मूल रिकॉर्ड का मिलान किया गया। अधिकारियों के अनुसार, अदालत में पेश किया गया दस्तावेज फर्जी और संदिग्ध पाया गया। आरोप है कि अंचल कार्यालय के मूल पत्र में बदलाव कर नया दस्तावेज तैयार किया गया और उसे न्यायालय में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि मूल पत्र खनन पट्टा क्षेत्र की मापी रिपोर्ट से संबंधित था, जबकि अदालत में पेश दस्तावेज का विषय पूरी तरह अलग था। इसी आधार पर अंचल निरीक्षक ने हंटरगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए श्रीनिवास सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उसे अदालत में पेश करने की साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि दस्तावेजों की फोरेंसिक जांच समेत अन्य तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
Read Also: Ranchi News: झारखंड जेल आईजी सुदर्शन मंडल को हार्ट अटैक, रांची के निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती

