
Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। मामले में नामजद आरोपी और डीडी बार संचालक नीरज सिंह की पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। रिमांड के दौरान विशेष जांच टीम ने नीरज सिंह से कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर गहन पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, नीरज सिंह को राजस्थान के खाटूश्यामजी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। सीकर कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद झारखंड पुलिस उन्हें दिल्ली होते हुए हवाई मार्ग से रांची लाई और वहां से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से जमशेदपुर पहुंचाया गया। इस दौरान मानगो और उलीडीह थाना की पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही।
रिमांड के दौरान जांच अधिकारियों ने घटना से पहले और बाद की गतिविधियों, संपर्कों और संभावित साजिश के पहलुओं पर नीरज सिंह से विस्तृत पूछताछ की। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि हत्याकांड में उनकी भूमिका क्या थी और घटना से जुड़े अन्य आरोपियों के साथ उनके संबंध किस स्तर तक थे।
जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर यह जानकारी सामने आई कि वारदात वाले दिन नीरज सिंह की बातचीत राहुल दुबे से हुई थी। पूछताछ में नीरज सिंह ने दावा किया कि राहुल दुबे डीडी बार का नियमित ग्राहक था और अक्सर शराब पर छूट या गाने बजाने जैसी मांगों को लेकर फोन करता था। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन भी बातचीत इसी सिलसिले में हुई थी।
हालांकि, पुलिस नीरज सिंह के इस दावे का हर पहलू से सत्यापन कर रही है। जांच में यह भी पता चला है कि कदमा निवासी राहुल दुबे का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। इसके अलावा पुलिस को ऐसे इनपुट मिले हैं कि राहुल दुबे की बातचीत इस हत्याकांड के मुख्य शूटर विश्वजीत मंडल उर्फ बोदरा से भी हुई थी।
इन्हीं तथ्यों को आधार बनाकर जांच एजेंसियां अब नीरज सिंह, राहुल दुबे और मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल के बीच संभावित संबंधों और साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं। पुलिस का मानना है कि अब तक जुटाए गए साक्ष्यों, कॉल रिकॉर्ड और पूछताछ से हत्याकांड के कई अहम पहलुओं से पर्दा उठ सकता है। फिलहाल नीरज सिंह को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले की जांच लगातार जारी है।

