Giridih : झारखंड में गिरिडीह जिले के देवरी-हिरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवाबाद (बंगारो) गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। यहां मारपीट में घायल इंद्रदेव यादव (40) की हत्या के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात आक्रोशित ग्रामीणों ने खरगडीहा-खिजुरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस की लापरवाही के कारण यह हत्या हुई। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा।
एसडीपीओ ने शांत कराया मामला
मौके पर पहुंचे एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। उन्होंने मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और हिरोडीह थाना प्रभारी पर लगे आरोपों की जांच का आश्वासन दिया।
इसके बाद रात करीब साढ़े दस बजे ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।इधर, जब मृतक इंद्रदेव यादव का शव गांव पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक की पत्नी नीतू देवी की शिकायत पर हिरोडीह थाना में केस दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी भोला यादव सहित कुल दस लोगों को नामजद किया है। थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि मुख्य आरोपी भोला यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी

