Home » Jamshedpur Accident: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर दर्दनाक हादसा, टैंकर की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत

Jamshedpur Accident: टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर दर्दनाक हादसा, टैंकर की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत

चश्मदीदों के मुताबिक जमशेदपुर से काटिन की ओर जा रहे तेज रफ्तार तेल टैंकर ने मुचीराम मुदी को अपनी चपेट में ले लिया।

by Mujtaba Haider Rizvi
Dead-Body-palamu
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पटमदा के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बोंटा गांव के पास सोमवार शाम टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक राजमिस्त्री की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बांकादा गांव निवासी 48 वर्षीय मुचीराम मुदी है। चश्मदीदों के मुताबिक जमशेदपुर से काटिन की ओर जा रहे तेज रफ्तार तेल टैंकर ने मुचीराम मुदी को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि मुचीराम मुदी जमशेदपुर में मजदूरी का काम कर अपने बड़े बेटे के साथ घर लौट रहे थे। वह बस की छत पर सवार होकर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में बारिश शुरू होने के कारण हलुदबनी कैंप के पास उतर गए। इसके बाद वह किसी परिचित की बाइक मिलने की उम्मीद में पैदल ही बोंटा गांव की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें कुचल दिया।स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था।

टैंकर का चक्का शरीर पर चढ़ जाने से सड़क पर काफी खून बिखर गया। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी उमेश महतो मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी।पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए मुख्य सड़क जाम कर दिया। बाद में कमलपुर थाना प्रभारी द्वारा टैंकर को पकड़ लिए जाने की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया और स्थिति सामान्य हुई।

मृतक बेहद गरीब परिवार से जुड़े थे। उनके परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा बेटा विवाहित है। बड़ा बेटा अविवाहित है और मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता है। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी प्रबोध कुमार महतो और देवव्रत महतो भी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

Related Articles

Leave a Comment