
Palamu : शहर के एक लाज में आयोजित विवाह समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब जयमाला कार्यक्रम के दौरान दूल्हे की मां की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं। परिजनों ने किसी तरह विवाह की आवश्यक रस्में पूरी कराईं।
जानकारी के अनुसार, गढ़वा जिले के रंका बाजार मेन रोड निवासी जय अग्रवाल के पुत्र प्रिंस अग्रवाल की बारात मेदिनीनगर के एक लॉज में आई थी। वधू पक्ष पटना (बिहार) से समारोह में शामिल हुआ था। द्वारपूजा की रस्म के बाद जयमाला कार्यक्रम शुरू हुआ। वर-वधू मंच पर एक-दूसरे को जयमाला पहना रहे थे, तभी दूल्हे की 55 वर्षीय मां यशोदा देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे मंच के समीप ही बेहोश होकर गिर पड़ीं।
परिजन उन्हें तत्काल मेदिनीनगर सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई।घटना के बाद विवाह समारोह का माहौल पूरी तरह शोक में बदल गया। परिजनों ने परिस्थितियों को देखते हुए आवश्यक वैवाहिक रस्में पूरी कराईं। देर रात वर-वधू रंका पहुंचे, जबकि यशोदा देवी का शव शुक्रवार सुबह करीब छह बजे उनके घर लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मृतका के घर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

