
चतरा : जमीन विवाद से परेशान झारखंड के चतरा जिला अंतर्गत मयूरहंड थाना क्षेत्र के पाचघारा निवासी मनोरंजन सिंह सोमवार को करमा गांव स्थित करीब 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गए। टावर के शीर्ष पर पहुंचने के बाद उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी जमीन से जुड़ी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वह टावर से छलांग लगाकर अपनी जान दे देंगे।
युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और स्थानीय प्रशासन को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों ने मनोरंजन सिंह को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। मनोरंजन सिंह ने बताया कि जमीन से संबंधित विवाद को लेकर वह काफी समय से परेशान हैं। उनका आरोप है कि मामले की शिकायत कई बार किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। इसी से नाराज होकर उन्होंने मोबाइल टावर पर चढ़ने का निर्णय लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। युवक के टावर पर चढ़ने के कारण काफी देर तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
हजारीबाग के बाद चतरा में दूसरा मामला
बताया जा रहा है कि हजारीबाग के बाद चतरा जिले के मयूरहंड अंचल में जमीन विवाद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने का यह दूसरा मामला सामने आया है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन से जुड़े मामलों का समय पर निष्पक्ष समाधान नहीं होने से विवाद बढ़ते हैं और संबंधित लोग मानसिक तनाव में पहुंच जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए विवादों के समाधान की मांग की है।
Read Also- Chakradharpur News : नगर परिषद के पुराने कार्यालय भवन में मिला अज्ञात युवक का शव, इलाके में सनसनी

