
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने की जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की है, लेकिन मनोहरपुर थाना क्षेत्र में हुई एक कार्रवाई अब खुद सवालों के घेरे में आ गई है। ढीपा पंचायत में अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टरों को पकड़ने के बाद रातों-रात छोड़ दिए जाने की चर्चा जोर पकड़ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार ढीपा पंचायत क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बालू ढो रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा था। आरोप है कि जब्ती के कुछ देर बाद ही दोनों ट्रैक्टरों को चालकों समेत छोड़ दिया गया। आखिर किस आधार पर वाहनों को छोड़ा गया? क्या नियमानुसार केस दर्ज कर खनन विभाग को सूचना दी गई? क्या जब्ती पंजी में एंट्री हुई? ये सवाल अब लोग पूछ रहे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार जिस समय यह कार्रवाई हुई, मौके पर थाना प्रभारी मौजूद थे। ऐसे में यह जानना जरूरी हो गया है कि कार्रवाई के दौरान किस प्रक्रिया का पालन किया गया और वाहनों को छोड़ने का फैसला किस स्तर पर लिया गया। हालांकि अभी तक इस पूरे मामले में पुलिस का विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि दोनों ट्रैक्टर चिरिया निवासी रोशन कंडूलना और मनोज समद के हैं, जबकि ट्रैक्टर चालकों की पहचान विजेंद्र चांपिया और बाबूलाल सुरीन के रूप में हुई है। इन वाहनों के पास बालू परिवहन से संबंधित वैध चालान या परमिट था या नहीं, इसकी पुष्टि खनन विभाग के रिकॉर्ड से होनी बाकी है।
इस घटनाक्रम के बाद इलाके में चर्चा है कि अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई तभी भरोसेमंद मानी जाएगी, जब सबके लिए एक समान नियम लागू हो। यदि वाहन अवैध पाए गए तो उन्हें बिना कानूनी प्रक्रिया के कैसे छोड़ा जा सकता है?
मामले को लेकर मांग उठ रही है कि पश्चिमी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधिकारी थाना की दैनिक डायरी, जब्ती रजिस्टर, सीसीटीवी फुटेज और खनन विभाग को भेजी गई सूचना की जांच करें और स्थिति स्पष्ट करें।
वहीं इस संबंध में मनोहरपुर थाना प्रभारी अम्मीलन एक्का ने बताया कि थाना परिसर में शौचालय का निर्माण चल रहा है, उसी के लिए बालू लाया गया था। लेकिन ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं कि आम लोगों के लिए तुरंत कार्रवाई और पुलिस के कार्य के लिए अलग मानदंड क्यों?
फिलहाल मामले में किसी को दोषी ठहराने से पहले तथ्यों की निष्पक्ष जांच जरूरी है, लेकिन वाहनों को छोड़ने की परिस्थितियों पर पुलिस प्रशासन को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए ताकि अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की विश्वसनीयता बनी रहे।
Read Also पश्चिमी सिंहभूम बार एसोसिएशन चुनाव : चाईबासा में उत्साह के साथ मतदान जारी, दोपहर बाद होगी मतगणना

