
Seraikela : झारखंड के कपाली में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के रुपडु गांव निवासी 21 वर्षीय रवि सिंह मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
कपाली थाना प्रभारी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि वन विभाग के 52 बीघा मैदान में एक महिला का शव फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।
जांच में पति की संलिप्तता आई सामने
पुलिस की जांच के दौरान मृतका के पति रवि सिंह मुंडा की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में गुरुवार की रात पुलिस ने उसे कपाली से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आरोपी और उसकी पत्नी कपाली में किराये के मकान में रहते थे। दोनों मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे। पत्नी की मौत के मामले में आरोपी पति की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

