Home » Chaibasa News: चक्रधरपुर में रनिंग स्टाफ का जोरदार प्रदर्शन : 45 हजार रुपये बोनस और सीलिंग बढ़ाने की मांग

Chaibasa News: चक्रधरपुर में रनिंग स्टाफ का जोरदार प्रदर्शन : 45 हजार रुपये बोनस और सीलिंग बढ़ाने की मांग

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय में शुक्रवार को ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के बैनर तले रनिंग स्टाफ ने उत्पादकता आधारित बोनस (PLB) में बढ़ोतरी को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी शामिल हुए।

7 हजार की पुरानी सीलिंग पर जताया विरोध

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बोनस गणना के पैमाने पर कड़ा एतराज जताया। एसोसिएशन के चक्रधरपुर शाखा सचिव ललन कुमार ने बताया कि सातवां वेतन आयोग लागू होने के बावजूद रेल कर्मचारियों को 78 दिनों का बोनस 7,000 रुपये की पुरानी सीलिंग पर ही दिया जा रहा है। इसके कारण पिछले 10 वर्षों से कर्मचारियों को मात्र 17,951 रुपये ही बोनस मिल पा रहा है, जबकि इस अवधि में महंगाई कई गुना बढ़ चुकी है।

21 हजार की सीलिंग पर 45,159 रुपये बोनस की मांग

कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि बोनस की गणना 7,000 रुपये के बजाय 21,000 रुपये की नई सीलिंग के आधार पर की जाए। इस गणना के तहत 78 दिनों का बोनस 45,159 रुपये बनता है। वक्ताओं ने कहा कि आगामी त्योहारों के समय बढ़ते खर्चों को देखते हुए पुरानी दर पर बोनस देना रेलकर्मियों के साथ सरासर अन्याय है।

रेलवे फेडरेशनों के प्रति नाराजगी

धरने के दौरान कर्मचारियों ने दोनों प्रमुख रेलवे फेडरेशनों की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया गया कि फेडरेशन रनिंग स्टाफ की इस बेहद महत्वपूर्ण और जायज मांग को गंभीरता से नहीं उठा रहे हैं।

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

शाखा सचिव ललन कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में मंडल उपाध्यक्ष सीएम महतो, सहायक मंडल सचिव शुभम प्रधान, राउरकेला कोषाध्यक्ष बीडी पानिग्राही, चंद्र नारायण, मो. शम्स तबरेज, सुशील दास, आरएस बेरा, शुभम जायसवाल, एस सुरेन, वीके पोद्दार और वीके दास समेत भारी संख्या में रनिंग स्टाफ उपस्थित थे।

Read Also Chaibasa Education News : पुटुंगा स्कूल के विकास को मिलेगी नई गति, प्लस टू की मान्यता दिलाने का प्रयास करेंगे: जोबा माझी

Related Articles

Leave a Comment